Site icon Lahar Chakra

साकची पुलिस की कार्रवाई का जन सुविधा मंच बनाकर विरोध, पुलिस का बैनर भी फाड़ा

Jamshedpur: जमशेदपुर के साकची में गुरुवार को सामाजिक संस्था जन सुविधा मंच के बैनर तले प्रदर्शन किया गया. यह प्रदर्शन साकची थाना क्षेत्र में बढ़ते अपराध, अतिक्रमण और नशे के कारोबार के खिलाफ था. प्रदर्शनकारियों ने साकची थाने का घेराव करते हुए थानेदार को हटाने की मांग की.

संस्था के सदस्यों का आरोप है कि जब से नए थानेदार की नियुक्ति हुई है इलाके में आपराधिक घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं. नशे के कारोबारियों ने पूरे क्षेत्र में पैर पसार लिए हैं. महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा खतरे में है. आए दिन चोरी, छेड़खानी और मारपीट जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं लेकिन पुलिस प्रशासन निष्क्रिय बना हुआ है.

प्रदर्शनकारियों ने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि जल्द ही थानेदार को नहीं हटाया गया तो वे जिला मुख्यालय के समक्ष धरना देंगे और आंदोलन को और तेज करेंगे.

वहीं मामले पर साकची थानेदार आनंद मिश्रा ने सफाई देते हुए कहा कि प्रदर्शन के पीछे दो प्रमुख कारण हैं. पहला मामला काशीडीह क्षेत्र का है जहां सरस्वती पूजा के दौरान मारपीट की घटनाएं हो रही थीं. पहले दोनों पक्षों में समझौता करवाया गया लेकिन जब वे नहीं माने तो दोनों गुटों के दो-दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया.

दूसरा मामला मोदी टाइल्स क्षेत्र का है जहां पारिवारिक विवाद में बेटे द्वारा पिता के साथ दुर्व्यवहार किया गया था. इसमें पुलिस ने थाने बुलाकर कार्रवाई की. थानेदार का कहना है कि इन्हीं कार्रवाइयों से कुछ लोग नाराज़ हैं और जन सुविधा मंच के जरिए विरोध जताया जा रहा है.

थानेदार ने यह भी आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस का बैनर फाड़ा गया जिसकी जांच की जा रही है और कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Exit mobile version