Site icon Lahar Chakra

Rahul Gandhi: महाराष्ट्र की तरह बिहार में भी भाजपा चुनाव ‘चोरी करने’ की फिराक में,कांग्रेस नेता राहुल गांधी का आरोप

Bhuvaneshwar लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर छिड़े विवाद के बीच शुक्रवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महाराष्ट्र की तरह बिहार में भी आगामी विधानसभा चुनाव को ‘‘चोरी’’ करने का प्रयास कर रही है. उन्होंने यहां ‘संविधान बचाओ समावेश’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) गठबंधन के घटक दलों ने भाजपा को बिहार विधानसभा चुनाव की ‘चोरी करने’ से रोकने का फैसला किया है.
गांधी ने आरोप लगाया, महाराष्ट्र की तरह, बिहार में भी चुनावों को ‘हाईजैक’ करने की कोशिश की जा रही है. भाजपा पूरे देश में हमारे संविधान पर हमला कर रही है. उन्होंने दावा किया कि ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक में घटक दलों ने, बिहार में भाजपा को चुनाव की ‘‘चोरी करने’’ से रोकने का फैसला किया है. बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं.
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग भाजपा के हित में काम कर रहा है और अपना कर्तव्य नहीं निभा रहा है.
उन्होंने यह भी आरोप लगाया, भाजपा पांच-छह पूंजीपतियों के लिए सरकार चलाती है. यह देश के आम लोगों के लिए काम नहीं करती.
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि ‘‘जल, जंगल, ज़मीन’’ आदिवासियों के हैं और उनके ही रहेंगे.राहुल गांधी ने दावा किया कि ओडिशा की भाजपा सरकार ने पंचायत (अनुसूचित क्षेत्रों तक विस्तार) अधिनियम, 1996 को लागू नहीं किया है।
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘यहां आदिवासियों को वन अधिकार पट्टे नहीं दिए जाते. कांग्रेस ‘पेसा’ (पंचायत (अनुसूचित क्षेत्रों तक विस्तार) अधिनियम) और आदिवासी विधेयक लेकर आई। हम इन कानूनों को लागू करेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि आदिवासियों को उनकी ज़मीन मिले.
Exit mobile version