Site icon Lahar Chakra

Rahul Gandhi बोले- ‘आरोपी नंबर 4’ ज्ञानेश कुमार को हटाएं PM Modi, ‘30 सेकंड में’ आंदोलन रुक जाएगा

New Delhi. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से कहा कि वह ‘आरोपी नंबर 4’ ज्ञानेश कुमार को हटा दें तो विपक्ष का आंदोलन ‘30 सेकंड में’ रुक जाएगा।
गांधी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दिल्ली के व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस उनकी बात सुन रही है और उनके साथ खड़ी है।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘मेट्रो सरकार ने बंद की, सड़कें सरकार ने सील कीं, राजधानी पर ताला सरकार ने लगाया।’लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि जब ‘वोट ही चोरी हो जाए’ तो किसी की दुकान, बचत और बच्चों का भविष्य सुरक्षित नहीं रह सकता।

राहुल गांधी ने व्यापारियों से कहा, ‘मोदी जी से कहिए कि आरोपी नंबर 4, ज्ञानेश कुमार को हटाएं, 30 सेकंड में आंदोलन रुक जाएगा।’
कांग्रेस नेता ने हालांकि अपने इस पोस्ट में यह स्पष्ट नहीं किया कि उन्होंने ज्ञानेश कुमार को ‘आरोपी नंबर 4’ किस संदर्भ में कहा है, हालांकि वह ‘‘वोट चोरी’’ के खिलाफ अभियान में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत और ज्ञानेश कुमार पर तीखे हमले बोलते रहे हैं।

विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ आगामी एक नवंबर को ‘वोट चोरी’ के खिलाफ रामलीला मैदान में रैली करने वाला है। इसी को लेकर पिछले दिनों ‘चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री’ (सीटीआई) के अध्यक्ष बृजेश गोयल ने राहुल गांधी को पत्र लिखकर कहा था कि यह रैली ऐसे समय में रामलीला मैदान के आसपास के थोक और खुदरा बाजारों को प्रभावित कर सकती है, जब धनतेरस और दिवाली से पहले व्यापारियों को बड़ी संख्या में ग्राहकों के आने की उम्मीद है।

गोयल ने कहा कि दिल्ली में धनतेरस के आसपास सोना-चांदी, इलेक्ट्रॉनिक, कपड़े, बर्तन, सूखे मेवे, मिठाइयां, वाहन, संपत्ति और उपहार की वस्तुओं जैसे विभिन्न क्षेत्रों में करीब 25,000 करोड़ रुपये का कारोबार होता है। इस साल धनतेरस छह नवंबर को है। दिवाली आठ नवंबर को मनाई जाएगी और इसके बाद 10 नवंबर को भाई दूज है। व्यापारियों के संगठन का कहना है कि त्योहारों से करीब एक सप्ताह पहले बाजारों में आम तौर पर गतिविधियां बढ़ जाती हैं, ऐसे में रैली का समय व्यापारियों के लिए चिंता का विषय है।

Exit mobile version