Site icon Lahar Chakra

Rail News : ब्रेक बाइंडिंग’ के कारण आरा-दुर्ग दक्षिण बिहार एक्सप्रेस के कई डिब्बों से उठने लगा धुआं, दो बार रोकनी पड़ी ट्रेन

Chakardharpur . दक्षिण पूर्वी रेलवे के चक्रधरपुर संभाग में आरा-दुर्ग दक्षिण बिहार एक्सप्रेस के कई डिब्बों से धुआं निकलने लगा। रेलवे अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना ‘ब्रेक बाइंडिंग’ की समस्या के कारण हुई। दक्षिण पूर्वी रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ओम प्रकाश चरण ने बताया कि ट्रेन में ‘ब्रेक बाइंडिंग’ की समस्या आई जिसके कारण चक्रधरपुर संभाग में दो स्थानों पर ट्रेन के डिब्बों से धुआं निकलने लगा। उन्होंने कहा, ‘‘रेलवे कर्मचारियों ने इसे देखा और ट्रेन को तुरंत रोक दिया गया।

ब्रेक संबंधी दिक्कत ठीक की गयी। यह घटना दो स्थानों पर हुई। इस समस्या को कुछ ही समय में हल कर लिया गया जिससे हावड़ा-मुंबई मार्ग पर रेल यातायात में कोई बड़ी बाधा नहीं आई। राउरकेला पहुंचने के बाद ट्रेन का निरीक्षण किया गया, जबकि अंतिम जांच उसके गंतव्य, दुर्ग में की जाएगी।’’
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ‘ब्रेक बाइंडिंग’ की स्थिति तब उत्पन्न होती है जब लोको पायलट द्वारा ब्रेक हटाए जाने के बाद भी ब्रेक ब्लॉक पहियों से चिपके रह जाते हैं। इससे पहियों में अत्यधिक घर्षण होता है, जिससे पहियों को नुकसान पहुंचने और ट्रेन की गति कम होने की संभावना बनी रहती है।

Exit mobile version