
New Delhi. विमानन कंपनी इंडिगो ने कहा कि उसने शनिवार को 800 से अधिक घरेलू उड़ानें रद्द कर दीं। शुक्रवार को कंपनी ने 1,000 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी थीं. कंपनी ने कहा कि वह ग्राहकों को टिकट के पैसे वापस किए जाने से जुड़े सभी मुद्दों को ‘‘प्राथमिकता’’ के आधार पर संबोधित कर रही है. विमानन कंपनी इंडिगो द्वारा बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द किए जाने के कारण लोगों को रही परेशानी को दूर करने के लिए रेलवे ने शनिवार को सभी जोन में 84 विशेष ट्रेन चलाने की घोषणा की. रेलवे मंत्रालय की समन्वित योजना के तहत, इन रेलगाड़ियों के कुल 104 फेरों की सबसे कम समय में व्यवस्था की गई. इसके लिए नयी दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, बेंगलुरु, पटना और हावड़ा जैसे प्रमुख शहरों में यात्रा भार का विश्लेषण किया गया.
रेलवे बोर्ड के सूचना एवं प्रचार विभाग के कार्यकारी निदेशक दिलीप कुमार ने कहा, ‘यातायात की स्थिति के आधार पर विशेष रेलगाड़ियों की संख्या और उनके फेरों में और वृद्धि की जा सकती है. सभी जोन से कहा गया है कि वे कर्मचारियों और डिब्बों जैसे उपलब्ध सभी संसाधनों का उपयोग करके इन रेलगाड़ियों का सुरक्षित परिचालन करें, ताकि देश के विभिन्न हिस्सों में उड़ान रद्द होने के कारण फंसे लाखों यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित हो सके.
अधिकारियों ने कहा कि लोगों को इन रेलगाड़ियों के बारे में बताने के प्रयास किए जा रहे हैं और कुछ मंडलों ने यात्रियों की मदद के लिए आस-पास के हवाई अड्डों पर भी जानकारी प्रसारित की है.
