Site icon Lahar Chakra

Railway CBI Action: रेलवे ठेकेदार से रिश्वत लेते धनबाद रेल मंडल के सीनियर डीइइजी गिरफ्तार, पांच घंटे तक डीआरएम कार्यालय में चला सर्च ऑपरेशन, घर की भी तलाशी

Dhanbad.धनबाद रेल मंडल के वरीय मंडल विद्युत अभियंता (सामान्य) संजीव कुमार शुक्रवार को दो लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिये गये. यह कार्रवाई पूजा टॉकीज के निकट उनके सरकारी बंगले के समीप की गयी. आरोपी अधिकारी रेलवे ठेकेदार एके झा से कथित रूप से रिश्वत ले रहे थे. सूत्रों के अनुसार रेलवे अधिकारी पर आरोप है कि उन्होंने धनबाद स्टेशन पर चल रहे लिफ्ट के निर्माण कार्य को लेकर ठेकेदार से दो लाख रुपये की घूस मांगी थी. इसी क्रम में जब ठेकेदार से पैसे लिये जा रहे थे, तभी टीम ने उन्हें रंगेहाथ पकड़ लिया. जांच टीम ने उनके कार्यालय और आवास में भी छानबीन की. छापेमारी के दौरान कार्यालय से करीब 50 हजार रुपये नकद बरामद होने की बात कही जा रही है. वहीं डेढ़ लाख रुपये उनके पास से बरामद हुए हैं. लेकिन इसकी पुष्टि किसी भी सीबीआइ अधिकारी ने नहीं की है. कार्यालय से कई महत्वपूर्ण कागजात और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट भी जब्त किये गये हैं, जिन्हें जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है.

बताया जाता है कि धनबाद सीबीआइ की टीम ने घर के पास से घूस लेते संजीव कुमार को पकड़ा. उसके बाद टीम अपराह्न करीब 3:30 बजे उन्हें लेकर डीआरएम बिल्डिंग के फर्स्ट फ्लोर स्थित कार्यालय ले गयी. पहले तो उनके चैंबर में लगातार बैठकर पूछताछ की गयी और कार्यालय के किसी भी कर्मी को इसकी भनक तक नहीं लगी. लेकिन शाम को जब कार्यालय का स्टॉफ किसी फाइल में हस्ताक्षर कराने के लिए चैंबर के अंदर गया, तो पता चला कि कोई सेंट्रल की टीम उनसे पूछताछ कर रही है. उसके बाद कर्मचारी बाहर निकल गया. जिसके बाद हल्ला हुआ कि सीबीआइ की टीम ने संजीव कुमार को ट्रैप किया है.

Exit mobile version