Site icon Lahar Chakra

Railway: हाथियों और कुहासे का हवाला देकर फिर लोकल ट्रेनों का परिचालन 25-28 दिसंबर तक रद्द, 2 जनवरी से अगले आदेश तक 18 मेमू ट्रेनों को भी रद्द करने का आदेश

Jamshedpur. चक्रधरपुर मंडल रेलवे ने हाथियों की आवाजाही और कुहासे का हवाला देते हुए चौथी बार टाटानगर से गुवा, बड़बिल, चक्रधरपुर और राउरकेला रूट की लोकल ट्रेनों का परिचालन 25 से 28 दिसंबर तक रद्द कर दिया है. इसके तहत चक्रधरपुर-राउरकेला मेमू, हटिया-झारसुगुड़ा मेमू, बड़ाबम्बो-बरसुआं मेमू और राउरकेला-झारसुगुड़ा मेमू समेत आठ जोड़ी लोकल ट्रेनों को रद्द करने का आदेश जारी हुआ है. लोकल ट्रेनों के रद्द होने से कोल्हान के ग्रामीण यात्रियों को आवागमन में भारी परेशानी होगी. स्थिति इसलिए भी गंभीर है क्योंकि चक्रधरपुर मंडल में लाइन ब्लॉक के कारण टाटानगर से बिलासपुर और हटिया एक्सप्रेस पहले ही 7 जनवरी तक रद्द हैं.

वहीं, इतवारी एक्सप्रेस को रेलवे दिन बदलकर रद्द कर रहा है. मालूम हो कि हाथियों की मौजूदगी का हवाला देकर रेलवे 18 दिसंबर से लगातार मेमू ट्रेनों का परिचालन बंद कर रहा है, जबकि इसी दौरान मालगाड़ियां निर्बाध रूप से चल रही हैं, जिससे यात्रियों में नाराजगी बढ़ रही है.

वहीं, दक्षिण पूर्व रेलवे ने 2 जनवरी से अगले आदेश तक 18 मेमू ट्रेनों को रद्द करने का आदेश जारी किया है. इसमें 13 ट्रेनें 2 जनवरी से तो 5 ट्रेनें 3 जनवरी से रद्द रहेगी. ट्रेनों के रद्द रहने से नये वर्ष में लोकल की सवारी करने वाले यात्रियों को परेशानी होनी तय है. रद्द ट्रेनों में झाड़ग्राम-पुरुलिया, खड़गपुर-बेलदा, विशनुपुर-धनबाद, धनबाद-बाकुरा, बाकुरा-यशवंतपुर, खड़गपुर-झाड़ग्राम, झाड़ग्राम-खड़गपुर, पुरुलिया-झाड़ग्राम, चक्रधरपुर-राउरकेला, राउरकेला-झारसुगोड़ा, झारसुगोड़ा-संबलपुर, संबलपुर-झारसुगोड़ा, बेलदा-खड़गपुर, राउरकेला-चक्रधरपुर मेमू समेत अन्य शामिल है.

Exit mobile version