Site icon Lahar Chakra

Railway IRCTC : रेल यात्री मनचाहा खाना ऑनलाइन बुक कर सकेंगे, टाटानगर से होकर चलने वाली उत्कल, पुरुषोत्तम समेत चार एक्सप्रेस ट्रेनों में अब ‘इ-पैंट्री सर्विस’

Jamshedpur. भारतीय रेलवे के यात्रियों के लिए सफर अब और भी जायकेदार होने वाला है। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) ने देश भर की 25 प्रमुख मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों में ई-पेंट्री मील बुकिंग सुविधा शुरू करने का फैसला किया है। इस नई व्यवस्था के तहत यात्री यात्रा के दौरान अपना मनचाहा खाना ऑनलाइन बुक कर सकेंगे। इसकी सीधी डिलीवरी उनकी सीट पर की जाएगी। IRCTC की इस सुविधा का लाभ टाटानगर रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली चार महत्वपूर्ण ट्रेनों के यात्रियों को भी मिलेगा। इन ट्रेनों में 12801/12802 पुरी-नई दिल्ली-पुरी पुरुषोत्तम एक्सप्रेस 12129/12130 पुणे-हावड़ा-पुणे आजाद हिंद एक्सप्रेस, 18477/18478 कलिंग उत्कल एक्सप्रेस,  12889/12890 टाटा-सर एम. विश्वेश्वरैया बेंगलुरु एक्सप्रेस शामिल हैं।

ऐसे कैसे काम करेगी ई-पेंट्री सर्विस 
यह पूरी व्यवस्था डिजिटल और कैशलेस होगी। यात्री टिकट बुक करने के बाद IRCTC के प्लेटफॉर्म पर जाकर बुक्ड टिकट हिस्ट्री से ई-पेंट्री मील का विकल्प चुन सकते हैं। यह सुविधा उन ट्रेनों के लिए है जिनके टिकट किराए में खाना शामिल नहीं होता। इसमें कंफर्म, आरएसी और पार्शियली कंफर्म टिकट वाले यात्री स्टैंडर्ड मील (थाली) के साथ रेल नीर का ऑर्डर भी दे पाएंगे। IRCTC का उद्देश्य यात्रियों को बिना किसी परेशानी के गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना है।

 IRCTC के इस डिजिटली इनेबल्ड सॉल्यूशन से यात्रियों को पेंट्री कार के भरोसे या बाहरी असुरक्षित खाने पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं होगी। यह सुविधा न केवल यात्रियों का समय बचाएगी, बल्कि उन्हें भुगतान के लिए नकद रखने की झंझट से भी मुक्ति देगी। अभी यह सुविधा केवल चुनिंदा 25 ट्रेनों में प्रायोगिक तौर पर शुरू की जा रही है, जिसे भविष्य में अन्य ट्रेनों तक विस्तारित किया जा सकता है

Exit mobile version