नेपाल और भारत के दो प्रमुख धार्मिक स्थलों के बीच बनेगा सीधा रेल संपर्क, जयनगर, मधुबनी, सीतामढ़ी, रक्सौल और गोरखपुर सहित कई स्टेशनों पर होगा ठहराव
नई दिल्ली। भारत और नेपाल के बीच रेल कनेक्टिविटी तथा धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में भारतीय रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है। रेलवे ने नेपाल के जनकपुर धाम और उत्तर प्रदेश के अयोध्या कैंट के बीच नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा शुरू करने को मंजूरी दे दी है। करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली यह ट्रेन दोनों देशों के यात्रियों को रामायण परंपरा से जुड़े दो प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंचने का बेहतर विकल्प उपलब्ध कराएगी।
भारत सरकार के प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) की ओर से 14 नवंबर 2026 को जारी जानकारी के अनुसार, इस रेल सेवा से माता सीता की जन्मस्थली माने जाने वाले जनकपुर धाम और भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित होगा।
जयनगर, मधुबनी और सीतामढ़ी समेत कई स्टेशनों पर ठहराव
नई साप्ताहिक ट्रेन जनकपुर धाम से अयोध्या कैंट के बीच चलेगी। इस दौरान बिहार और उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख शहरों और कस्बों से होकर गुजरेगी। ट्रेन के टर्मिनल स्टेशनों के अलावा जयनगर, मधुबनी, शिशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम में वाणिज्यिक ठहराव निर्धारित किए गए हैं।
पीआईबी के मुताबिक, ट्रेन की शुरुआत शनिवार को जनकपुर धाम से होगी, जबकि अयोध्या कैंट से इसकी वापसी सेवा सोमवार को चलेगी। इससे बिहार और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों के यात्रियों को भी अतिरिक्त रेल परिवहन विकल्प मिलेगा।
धार्मिक पर्यटन और स्थानीय कारोबार को मिलेगा बढ़ावा
इस रेल सेवा से जनकपुर और अयोध्या के बीच धार्मिक यात्राएं आसान होने की उम्मीद है। रामायण पर्यटन सर्किट को बढ़ावा मिलने के साथ तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को दोनों महत्वपूर्ण धार्मिक केंद्रों तक पहुंचने में सुविधा होगी।
इसके अलावा शिक्षा, व्यापार और पारिवारिक कारणों से भारत-नेपाल के बीच यात्रा करने वाले लोगों को भी लाभ मिल सकता है। बेहतर रेल संपर्क से मार्ग के आसपास पर्यटन कारोबार, होटल, स्थानीय व्यापारियों और पारंपरिक कारीगरों के लिए नए अवसर पैदा होने की संभावना है।
भारत-नेपाल मैत्री को मिलेगी नई मजबूती
भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और सामाजिक संबंध रहे हैं। दोनों देशों के धार्मिक स्थलों और सीमावर्ती समुदायों के बीच गहरे संबंध हैं। जनकपुर धाम और अयोध्या को रेल मार्ग से जोड़ने की पहल को इन रिश्तों को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
भारतीय रेलवे के इस फैसले से क्षेत्रीय पर्यटन, व्यापारिक गतिविधियों और दोनों पड़ोसी देशों के बीच आवागमन को नई गति मिलने की उम्मीद है।
