
कोलकाता: रेल मंत्रालय (रेलवे बोर्ड) ने रेल यात्रियों और रेलकर्मियों के अनुभवों के माध्यम से अपनी सेवाओं को और अधिक बेहतर बनाने के लिए “रेल यात्रा वृत्तांत पुरस्कार योजना–2026” का शुभारंभ किया है । इस अखिल भारतीय प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य देश के नागरिकों और रेल कर्मचारियों को उनके मौलिक यात्रा अनुभवों को साझा करने के लिए प्रेरित करना है ।
पुरस्कारों का विवरण
प्रतियोगिता के विजेताओं के लिए आकर्षक नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र निर्धारित किए गए हैं:
प्रथम पुरस्कार: ₹10,000/-
द्वितीय पुरस्कार: ₹8,000/-
तृतीय पुरस्कार: ₹6,000/-
पाँच प्रेरणा पुरस्कार: ₹4,000/- (प्रत्येक)
नियम एवं शर्तें
प्रतिभागियों को प्रविष्टि भेजते समय निम्नलिखित मानकों का पालन करना अनिवार्य है:
भाषा: वृत्तांत केवल हिंदी भाषा में, स्वरचित और मौलिक होना चाहिए ।
शब्द सीमा: न्यूनतम 3000 शब्द और अधिकतम 3500 शब्द ।
प्रारूप: लेख डबल स्पेस में टंकित (Type) होना चाहिए और प्रत्येक पृष्ठ पर क्रम संख्या अंकित होनी चाहिए ।
व्यक्तिगत विवरण: एक अलग पृष्ठ पर अपना नाम, पदनाम (यदि कोई हो), आयु, पता, मातृभाषा, मोबाइल नंबर, ईमेल और कुल शब्द संख्या का स्पष्ट उल्लेख करना होगा 。
घोषणा पत्र: सरकारी कर्मचारियों को ‘कोई सतर्कता/अनुशासनात्मक मामला लंबित नहीं है’ का प्रमाण देना होगा। अन्य नागरिकों को ‘कोई आपराधिक मामला लंबित नहीं है’ का घोषणा-पत्र देना अनिवार्य है
प्रविष्टि भेजने की अंतिम तिथि और पता
इच्छुक प्रतिभागी अपनी प्रविष्टियाँ दो प्रतियों में निम्नलिखित पते पर 31 जुलाई, 2026 तक भेज सकते हैं:
पता: सहायक निदेशक, हिंदी (प्रशिक्षण), कमरा संख्या–316, कॉफमो रेल कार्यालय परिसर, तिलक ब्रिज, आईटीओ, नई दिल्ली – 110002
नोट: 31 जुलाई, 2026 के बाद प्राप्त होने वाली प्रविष्टियों पर विचार नहीं किया जाएगा । चयन और प्रतिलिप्याधिकार (Copyright) के संबंध में रेल मंत्रालय का निर्णय अंतिम होगा ।
