हाजीपुर। पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग ने सोमवार को पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के अंतर्गत डीडीयू-सोन नगर रेलखंड का विंडो निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलपथ, ट्रैक की स्थिति, संरक्षा, अनुरक्षण और परिचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
संरक्षा और गुणवत्ता पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने रेल परिचालन में संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित मानकों का पालन करते हुए कार्यों में उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
चंदौली मझवार स्टेशन पर पुनर्विकास कार्यों का जायजा
महाप्रबंधक ने चंदौली मझवार स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज, स्टेशन परिसर, परिचालन व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था, स्वच्छता और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया।
उन्होंने स्टेशन पुनर्विकास कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही यात्री सुविधाओं के लगातार उन्नयन पर विशेष ध्यान देने को कहा।
सासाराम और सोन नगर स्टेशन का भी निरीक्षण
इसके बाद महाप्रबंधक ने सासाराम स्टेशन पहुंचकर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का निरीक्षण किया। उन्होंने प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज, यात्री प्रतीक्षालय, विद्युत व्यवस्था, शौचालय सहित विभिन्न यात्री सुविधाओं और स्टेशन परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सोन नगर स्टेशन पर उन्होंने परिचालन और यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज, यात्री प्रतीक्षालय और रेलवे अंडरपास की व्यवस्थाओं को देखा। इस दौरान उन्होंने रेलकर्मियों से संवाद कर उनकी कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।
निरीक्षण के दौरान पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना सहित मुख्यालय और मंडल के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।