Site icon Lahar Chakra

नई दिल्ली में रेलवे पुलिस ने 32.61 लाख रुपये के साथ एक व्यक्ति को दबोचा

नई दिल्ली. दिल्ली पुलिस की रेलवे यूनिट ने बुधवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सब्जी मंडी रेलवे स्टेशन से 32.61 लाख रुपये बरामद किए हैं.

रेलवे पुलिस के अनुसार 28 जनवरी की दोपहर करीब 2:50 बजे रेलवे स्टेशन पर रेलवे पुलिस गश्त कर रही थी. इस दौरान पुलिसकर्मियों ने शक के आधार पर एक व्यक्ति से पूछताछ की. इस बीच पुलिस ने व्यक्ति के बैग की तलाशी ली तो उसमें से 32 लाख से ज्यादा की नकदी बरामद हुई. रेलवे पुलिस ने इस मामले में जसविंदर पाल को हिरासत में लिया है. जांच में पता चला है कि वह पंजाब के रोपड़ का रहने वाला है, वह प्लेटफॉर्म पर एक काले रंग का बैग छिपाने की कोशिश कर रहा था. पुलिस ने जब उससे पूछताछ की तो वो घबरा गया और टालमटोल करने लगा. इस बीच जब बैग खोला गया तो उसमें 500, 200, 100, 50, 20 और 10 रुपये के कुल 32,61,500 रुपये बरामद हुए.

पूछताछ में जसविंदर पाल ने बताया कि वो पंजाब से जनशताब्दी एक्सप्रेस में दिल्ली आया था और ये बैग उसे उसके जीजा ने लेने के लिए भेजा था. पुलिस द्वारा उससे पैसे के दस्तावेज मांगे गए तो वो कोई कागजात नहीं दिखा पाया. रेलवे पुलिस ने उक्त मामले की सूचना चुनाव आयोग व आयकर विभाग को दी गई. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है.

Exit mobile version