Site icon Lahar Chakra

Railway: फरक्का के पास रेलवे ट्रैक धंसी, हावड़ा-मालदा डिवीजन में कई ट्रेनें प्रभावित

Kolkata.पश्चिम बंगाल सरकार ने मुर्शिदाबाद जिले में फरक्का के पास रेलवे ट्रैक धंसने के कारण ट्रेन सेवाएं प्रभावित होने के बाद शुक्रवार को कई मार्गों पर अतिरिक्त बसें चलाने की व्यवस्था की। वहीं, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि फंसे हुए ट्रेन यात्रियों के लिए भोजन, पेयजल और जरूरत पड़ने पर मुफ्त में ठहरने की व्यवस्था की जाएगी। इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन सेवाएं बाधित होने के कारण कोलकाता, मालदा और सिलीगुड़ी के बीच यात्रियों को परेशानी न हो, इसके लिए राज्य परिवहन विभाग ने आपातकालीन कदम उठाए हैं।
पूर्वी रेलवे के हावड़ा-मालदा डिवीजन में शुक्रवार को भी ट्रेन सेवाएं प्रभावित रहीं। एक अधिकारी ने बताया कि एक दिन पहले मुर्शिदाबाद जिले में तिलपारा और न्यू फरक्का के बीच रेलवे ट्रैक का एक हिस्सा मिट्टी के कटाव के कारण धंस गया था।

बृहस्पतिवार रात करीब दो बजे ट्रैक का हिस्सा धंस गया था, जिससे दक्षिण बंगाल को राज्य के उत्तरी हिस्सों से जोड़ने वाली रेल सेवाएं प्रभावित हुईं। पूर्वी रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि 14 ट्रेन सेवाएं रद्द कर दी गईं। वरिष्ठ रेलवे इंजीनियरों की मदद से कई सौ कर्मचारी ट्रैक को जल्द से जल्द ठीक करने के लिए युद्धस्तर पर काम कर रहे थे।
इस रुकावट के कारण कोलकाता और उत्तर बंगाल के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी परेशानी हुई।

सुरक्षा के मद्देनजर हावड़ा-गुवाहाटी सरायघाट एक्सप्रेस, सियालदह-बामनहाट उत्तरबंगा एक्सप्रेस, सियालदह-अलीपुरद्वार कंचनकन्या एक्सप्रेस, सियालदह-न्यू अलीपुरद्वार दार्जिलिंग मेल, सियालदह-न्यू अलीपुरद्वार पदातिक एक्सप्रेस और कोलकाता-राधिकापुर एक्सप्रेस समेत कई ट्रेन सेवाएं रद्द रहीं। जिन ट्रेन सेवाओं को बहाल किया गया, उनमें हावड़ा-कामाख्या वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस और हावड़ा-डिब्रूगढ़ कामरूप एक्सप्रेस शामिल हैं।

Exit mobile version