Site icon Lahar Chakra

Railway: रेलवे प्लेटफॉर्म पर भीड़ प्रबंधन की तैयारी, प्रमुख स्टेशनों पर बनाया जा रहा ‘यात्री सुविधा केंद्र’

New Delhi. भारतीय रेलवे देशभर के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के लिए विशेष प्रतीक्षा क्षेत्र यानी ‘यात्री सुविधा केंद्र’ विकसित कर रहा है, जिसका उद्देश्य यात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाना और त्योहारों समेत अधिक भीड़ वाले समय में स्टेशनों पर भीड़ कम करना है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। रेल मंत्रालय ने 15 फरवरी, 2025 को नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में 18 यात्रियों की मौत के बाद शुरुआत में देश के पांच रेलवे स्टेशनों पर स्थायी यात्री प्रतीक्षा क्षेत्र बनाने का आदेश दिया था।

मंत्रालय ने कहा था कि इन पांच स्टेशनों के बाद 55 अन्य स्टेशनों पर भी ऐसे स्थायी प्रतीक्षा क्षेत्र बनाए जाएंगे। नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्री प्रतीक्षा क्षेत्र 2025 में सबसे पहले शुरू हुआ था। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘यात्री सुविधा केंद्र बिना टिकट और प्रतीक्षा कर रहे यात्रियों के लिए अलग स्थान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित किए जा रहे हैं। इससे यात्रियों की अधिक आवाजाही के दौरान स्टेशन के प्लेटफॉर्म, आवागमन वाले क्षेत्रों और स्टेशन तक पहुंचने के रास्तों पर भीड़ कम करने में मदद मिलेगी।

अधिकारी ने कहा, ‘इन सुविधाओं को यात्रियों की व्यवस्थित आवाजाही सुनिश्चित करने और स्टेशन या प्लेटफॉर्म पर प्रवेश करने से पहले उन्हें आरामदायक प्रतीक्षा स्थल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।’’ इन प्रतीक्षा क्षेत्रों को यात्रियों के प्लेटफॉर्म पर जाने से पहले उनके ठहरने के लिए बनाया जा रहा है। प्रतीक्षा और टिकट लेने के लिए निर्धारित स्थान उपलब्ध कराने से प्लेटफॉर्म, आवागमन वाले क्षेत्रों और स्टेशन तक पहुंचने के रास्तों पर भीड़ कम करने में मदद मिलेगी।

Exit mobile version