
Jamshedpur.जमशेदपुर समेत झारखंड में मंगलवार से मौसम का मिजाज बदल गया है. दोपहर बाद शहर में झमाझम बारिश से गर्मी से राहत मिली. मौसम विज्ञान केंद्र रांची की ओर से जारी अलर्ट के अनुसार, 10 से 14 जून के बीच राज्य के कई जिलों में तेज हवाएं चलने के साथ बारिश की संभावना जताई गई है. खासकर 12 से 14 जून के बीच झारखंड के लगभग सभी जिलों में बारिश और वज्रपात का पूर्वानुमान है. इस दौरान तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं.
मौसम केंद्र के मुताबिक, 10 और 11 जून को राज्य के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में तेज हवाएं चल सकती हैं. हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में मेघ गर्जन और वज्रपात की चेतावनी दी गई है 12 से 14 जून के बीच झारखंड के लगभग सभी जिलों में व्यापक स्तर पर बारिश होने की संभावना है. इस दौरान बिजली गिरने की घटनाएं भी बढ़ सकती हैं. मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान खुले में रहने से बचें और सावधानी बरतें
