
Rajnagar.हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग के कुमढ़ाशोल के पास अज्ञात वाहन के धक्के से टेंपो पलट गया, जिससे उसमें सवार पिता की मौत व पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना शाम करीब सात बजे की बतायी जा जारी है. मुरुमडीह निवासी मुन्ना पटनायक बेटे शुभम पटनायक के साथ टेंपो से रिजर्व में जाने के बाद लौट रहे थे. लौटने के क्रम में जैसे ही कुमढ़ाशोल पहुंचे, कि पीछे से अज्ञात वाहन ने जोरदार धक्का मार दिया. हादसे के बाद बाप-बेटे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये.
दोनों को इलाज के लिए एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजनगर लाया गया. जहां डॉक्टर ने मुन्ना पटनायक को मृत घोषित कर दिया व घायल शुभम पटनायक का इलाज चल रहा है. इधर, हादसे की सूचना मिलते ही मुरुमडीह गांव के ग्रामीण व परिजन सीएचसी राजनगर पहुंचे. दोनों घायलों की इलाज करने की मांग करने लगे. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजनगर में नर्स ने आक्रोशित लोगों को बताया कि डॉक्टर नहीं हैं. इतने में लोग हंगामा करने लगे. बाद में लगभग दस मिनट बाद डॉक्टर पहुंचने के बाद मुन्ना पटनायक को मृत घोषित कर दिया. इसके पश्चात परिजन व ग्रामीण ने नर्स पर कार्रवाई की मांग की.
