
Ramnagar. राजनगर थाना के चालियामा गांव में नहाने के क्रम तालाब में डूबने से सात वर्षीय बच्चे गौरव नायक (7) की मौत हो गयी. गौरव नायक चालियामा निवासी भरत नायक का पुत्र था. घटना रविवार दोपहर की है. ग्रामीणों ने बालक को तालाब से बाहर निकालकर आनन-फानन में चाईबासा के निजी अस्पताल में ले गये. यहां चिकित्सक ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया. सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने बच्चे की जांच करने के बाद मृत घोषित कर दिया. सदर थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर सोमवार को पोस्टमार्टम कराया. इसके बाद शव को शीतगृह में रख दिया गया है.
ग्रामीणों ने बताया कि बच्चे के माता-पिता मजदूरी करने गुजरात चले गये हैं. बालक अपने बड़े पिताजी के घर में रहता था. वह कक्षा दो में पढ़ता था. बताया कि रविवार दोपहर करीब एक बजे गांव के अन्य बच्चों के साथ तालाब में नहाने गया था. इसी दौरान वह तालाब के गहरे पानी में डूब गया. ग्रामीणों ने बताया कि बालक के माता-पिता को खबर दे दी गयी है. खबर पाकर माता-पिता गुजरात से ट्रेन से आ रहे हैं.
