Site icon Lahar Chakra

Rajyasabha Election: राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस ने भाजपा समर्थित नाथवानी के नामांकन पत्र में ‘विसंगति’ की दर्ज करायी शिकायत

Ranchi. कांग्रेस ने झारखंड में राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी के नामांकन पत्रों में मंगलवार को गड़बड़ी का आरोप लगाया और निर्वाचन अधिकारी के पास शिकायत दर्ज कराई। आंध्र प्रदेश से राज्यसभा सदस्य नाथवानी ने सोमवार को झारखंड की दो राज्यसभा सीटों में से एक के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा उम्मीदवार बैद्यनाथ राम और कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा के साथ अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। भाजपा के एक पदाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन अधिकारी ने उनके नामांकन को फिलहाल स्थगित रखा और आपत्तियों को दूर करने के लिए बुधवार सुबह 11 बजे तक का समय दिया।

नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया एक जून को शुरू हुई और सोमवार को खत्म हुई। एक अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को नामांकन पत्र की जांच की गई, जिसमें झामुमो और कांग्रेस उम्मीदवारों की उम्मीदवारी सही पाई गई। कांग्रेस विधायक नमन बिक्सल कोंगारी ने  बताया, नथवानी के नामांकन पत्र में कई कमियां थीं, जिनमें उनके नाम में एक गलती भी शामिल थी। हमारे उम्मीदवार प्रणव झा के प्रस्तावक के तौर पर, मैंने जांच की प्रक्रिया से पहले निर्वाचन अधिकारी के पास शिकायत दर्ज कराई थी।”

बार-बार कोशिश करने के बावजूद, इस मामले पर टिप्पणी के लिए निर्वाचन अधिकारी रंजीत कुमार से संपर्क नहीं हो सका। हालांकि, झारखंड विधानसभा सचिवालय की ओर से निर्दलीय उम्मीदवार को भेजे गए एक कथित पत्र में कहा गया कि उनके नामांकन पत्र पर आपत्ति जताते हुए एक शिकायत दर्ज कराई गई थी, और उनका नामांकन बुधवार पूर्वाह्न 11 बजे तक रोक दिया गया था। झारखंड में राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के पर्यवेक्षक भूपेश बघेल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “झारखंड राज्यसभा चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी के नामांकन पत्र में गड़बड़ी की बात सामने आई है।

इस शिकायत पर सुनवाई चल रही है। बघेल ने कहा, यह देखना बाकी है कि क्या भाजपा समर्थित यह उम्मीदवार सिर्फ़ इसलिए मैदान में बना रहेगा क्योंकि उसे भाजपा का सुरक्षा कवच मिला हुआ है, या फिर उन पर भी वही नियम लागू होंगे और अनैतिक आचरण की हार होगी। नाथवानी के एक करीबी सहयोगी ने हालांकि दावा किया कि उठाई गई आपत्तियों का समाधान कर लिया गया है। नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 11 जून है, जबकि मतदान 18 जून को होगी।

Exit mobile version