Site icon Lahar Chakra

Rajyasabha: पूर्व विदेश सचिव श्रृंगला, वकील निकम, इतिहासकार मीनाक्षी जैन समेत चार लोग राज्यसभा के लिए मनोनीत, पीएम मोदी ने चारों सदस्यों के योगदान को सराहा

New Delhi. पूर्व विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला, 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के मामले में विशेष लोक अभियोजक रहे उज्ज्वल निकम, केरल से भारतीय जनता पार्टी के नेता सी सदानंदन मास्टर और इतिहासकार मीनाक्षी जैन को राज्यसभा के लिए मनोनीत किया गया है. केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शनिवार देर रात जारी एक अधिसूचना में कहा कि राष्ट्रपति ने इन चार व्यक्तियों को राज्यसभा के लिए मनोनीत किया है.
  प्रधानमंत्री मोदी ने राज्यसभा के लिए मनोनीत चारों सदस्यों के योगदान की सराहना की है. मोदी ने निकम की सराहना करते हुए कहा, ‘उज्ज्वल निकम का कानूनी क्षेत्र और हमारे संविधान के प्रति समर्पण अनुकरणीय है. वह न केवल एक सफल वकील रहे हैं, बल्कि महत्वपूर्ण मामलों में न्याय के प्रयासों में भी सबसे आगे रहे हैं.प्रधानमंत्री ने राजनयिक के रूप में श्रृंगला के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने एक राजनयिक, बुद्धिजीवी और रणनीतिक विचारक के रूप में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है. श्रृंगला ने अमेरिका और थाईलैंड में भारत के राजदूत और बांग्लादेश में उच्चायुक्त के रूप में कार्य किया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह अत्यंत प्रसन्नता की बात है कि मीनाक्षी जैन को राष्ट्रपति ने राज्यसभा के लिए मनोनीत किया है. मोदी ने कहा, उन्होंने एक विद्वान, शोधकर्ता और इतिहासकार के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है.
प्रधानमंत्री ने सदानंदन मास्टर की सराहना करते हुए कहा कि उनका जीवन साहस और अन्याय के आगे न झुकने की भावना का प्रतीक है. उन्होंने कहा, राष्ट्रपति जी द्वारा राज्यसभा के लिए मनोनीत किए जाने पर उन्हें बधाई. सांसद के रूप में उनकी भूमिका के लिए शुभकामनाएं.
Exit mobile version