Lahar Chakra

रामदास सोरेन का पार्थिव शरीर रांची पहुंचा, विधानसभा परिसर में दी जायेगी श्रद्धांजलि, फिर लाया जायेगा घाटशिला

Ranchi. झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का पार्थिव शरीर शनिवार सुबह रांची लाया गया. दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया था. एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. एक अधिकारी ने बताया कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नेता का पार्थिव शरीर दिल्ली से रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डा लाया गया और इसे विधानसभा परिसर में रखा जाएगा जहां मंत्री, विधायक और नेता उन्हें श्रद्धांजलि देंगे. झामुमो और कांग्रेस के कई नेता हवाई अड्डे पहुंचे और पुष्पांजलि अर्पित की. दिल्ली के एक निजी अस्पताल में सोरेन का शुक्रवार रात निधन हो गया था.

सोरेन के निजी सचिव अजय सिन्हा ने एक बयान में कहा, ‘‘शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का पार्थिव शरीर सुबह रांची के बिसरा मुंडा हवाई अड्डे पर लाया गया. उनके पार्थिव शरीर को झारखंड विधानसभा परिसर में रखा जाएगा, जहां उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी जाएगी. सिन्हा ने कहा कि इसके बाद पार्थिव शरीर को उनके विधानसभा क्षेत्र घाटशिला ले जाया जाएगा, जहां यह मऊ भंडार मैदान और झामुमो शिविर कार्यालय में रखा जाएगा.

इसके बाद आदिवासी समुदाय की सबसे बड़ी सामाजिक संस्था माझी परगना बकुल में माझी परगना महाल का झंडा फहराकर रामदास सोरेन के पार्थिव शरीर को पूरे सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी. इसके बाद शाम करीब साढ़े चार बजे उनके पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार किया जाएगा.

झामुमो नेता को दो अगस्त को आवास में बाथरूम में गिरने के बाद जमशेदपुर से राष्ट्रीय राजधानी के अस्पताल में भर्ती कराया गया था. सोरेन (62) की हालत गंभीर थी और उन्हें जीवनरक्षक प्रणाली पर रखा गया था.

Exit mobile version