
Ranchi. दिल्ली जाने वाले एअर इंडिया की उड़ान को तकनीकी खराबी के कारण रविवार को रद्द कर दिया गया जिसके बाद रांची हवाई अड्डे पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया . अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी. यात्रियों को उड़ान के समय के पुनर्निर्धारण को लेकर एयरलाइन के कर्मचारियों से तीखी बहस करते हुए देखा गया. हवाई अड्डे के निदेशक आर आर मौर्य ने बताया कि रांची से दिल्ली जाने वाली एअर इंडिया एक्सप्रेस उड़ान को तकनीकी खराबी के कारण रद्द कर दिया गया. विमान के उड़ान भरने से पहले इस तकनीकी गड़बड़ी का पता चला. उड़ान संख्या एआईएक्स 1200 को शाम छह बजे उड़ान के लिये के लिए निर्धारित किया गया था.
मौर्य ने कहा कि कुछ यात्रियों को अन्य उड़ानों में समायोजित किया गया, जबकि कई अन्य लोगों ने अपने टिकट रद्द कर दिए. कुछ यात्रियों को सोमवार को यात्रा करने के लिये कहा गया है. विमान के यात्री ने बताया कि अचानक हमें बिना किसी कारण के विमान से उतरने के लिये कहा गया. मुझे कल दिल्ली में एक महत्वपूर्ण बैठक में भाग लेना है, लेकिन वे मेरी उड़ान को पुन:निर्धारित करने के लिए तैयार नहीं हैं.
एयरपोर्ट पर पूरी तरह कुप्रबंधन और अफरा तफरी का माहौल दिखा. रांची हवाई अड्डे की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि इस बीच स्थानीय बिरसा मुंडा हवाई अड्डे की चारदीवारी की 30 मीटर दीवार एक महीने तक हुयी बारिश के कारण रविवार को गिर गयी.
