
New Delhi. प्रतिष्ठित उद्योगपति रतन टाटा के जीवन पर आधारित नई किताब ‘डूइंग द राइट थिंग’ उनकी ईमानदारी, करुणा और उद्देश्यपूर्ण नेतृत्व की विरासत पर एक गहन व्यक्तिगत और व्यावहारिक विचार साझा करेगी. लगभग चार दशक तक टाटा समूह के साथ जुड़े रहे हरीश भट द्वारा लिखित ‘डूइंग द राइट थिंग’’ का विमोचन 30 अक्टूबर को किया जाएगा. यह न केवल एक व्यावसायिक प्रतिमान के रूप में, बल्कि लाभ के बजाय मूल्यों को मानने वाले इंसान के रूप में रतन टाटा का दुर्लभ और अंतरंग चित्रण प्रस्तुत करती है.
दिग्गज उद्योगपति और पद्म विभूषण से सम्मानित टाटा, जिन्होंने नमक से लेकर सॉफ्टवेयर तक बनाने वाले इस समूह को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया, का पिछले साल 9 अक्टूबर को निधन हो गया था. वह 86 वर्ष के थे.
‘डूइंग द राइट थिंग’ किताब टाटा के जीवन के महत्वपूर्ण क्षणों को दर्शाती है. जिसमें जरूरत के समय कर्मचारियों के साथ खड़े होने से लेकर, बोर्डरूम में नैतिक सिद्धांतों की रक्षा करने और संकट के क्षणों में शांतिपूर्ण तरीके से साहस दिखाना शामिल है.
