
Ranchi. राजधानी रांची के ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर में आयोजित भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने महाप्रभु जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और भाई बलभद्र की विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के साथ महाप्रभु जगन्नाथ के रथ की रस्सी खींचकर रथयात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र जय जगन्नाथ के जयघोष से गुंजायमान रहा तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु रथयात्रा में शामिल हुए। रथयात्रा के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए राँची के ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक महत्व को ध्यान में रखते हुए भव्य तोरणद्वार के निर्माण की घोषणा भी की।
इस अवसर पर रांची के सांसद सह केंद्रीय रक्षाराज्य मंत्री ,विधायक और अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे। पूरे आयोजन में भक्ति, आस्था और सांस्कृतिक उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला।
