
New Delhi : भारत में कोरोना वायरस के एक्टिव मामलों में लगातार कमी देखने को मिल रही है, जो कोविड-19 के खिलाफ जंग में राहत की खबर है. स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार बीते दिन कोविड के 353 मामले कम हुए, जिसके बाद देश में एक्टिव मामलों की संख्या घटकर 6483 रह गई है. यह लगातार तीसरा दिन है जब एक्टिव केस में कमी दर्ज की गई है. 17 जून को 428 और 16 जून को 119 मामलों में कमी आई थी. अब देश में एक्टिव केस 6500 से भी नीचे रह गए हैं.
इन राज्यों में बढ़े कोरोना के मामले
हालांकि, कुछ राज्यों में कोरोना के नए मामले सामने आए हैं. दिल्ली में 65, राजस्थान में 56, मणिपुर में 14, हरियाणा में 12, छत्तीसगढ़ में 6, पंजाब में 5, बिहार में 3, जम्मू-कश्मीर में 2, तमिलनाडु में 2, असम में 1, मध्य प्रदेश में 1 और तेलंगाना में 1 नया केस दर्ज किया गया.
इन राज्यों में कम हुए मरीज
वहीं, कई राज्यों में कोविड के एक्टिव मामलों में कमी आई है. केरल में सर्वाधिक 275 मामले कम हुए. इसके अलावा गुजरात में 143, कर्नाटक में 43, महाराष्ट्र में 23, आंध्र प्रदेश में 15, झारखंड में 5, पुदुच्चेरी में 4, उत्तराखंड में 4, उत्तर प्रदेश में 3 और गोवा में 1 मामला कम हुआ. कुल मिलाकर देशभर में 353 केस की कमी दर्ज की गई है. स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि कोविड के मामलों में कमी सकारात्मक संकेत है, लेकिन सावधानी बरतना अभी भी जरूरी है.
