Lahar Chakra

Jamshedpur News: श्रीनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन में एलुमनाई मीट 2026 का आयोजन

जमशेदपुर: श्रीनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन में शनिवार को एलुमनाई मीट 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पूर्व छात्रों को उनके प्रशिक्षण संस्थान से दोबारा जोड़ना और कॉलेज के साथ उनके पुराने संबंधों को मजबूत करना रहा। इस आयोजन को पूर्व छात्रों और संस्थान के बीच अतीत और वर्तमान के बीच एक सेतु के रूप में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में श्रीनाथ विश्वविद्यालय के कुलाधिपति सुखदेव महतो, कुलसचिव डॉ. याह्या मजूमदार और श्रीनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन की प्राचार्या डॉ. मौसुमी महतो मौजूद रहीं।

दीप प्रज्वलन और स्वागत नृत्य से हुई शुरुआत

एलुमनाई मीट की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद कॉलेज के जूनियर छात्रों ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर पूर्व छात्रों और अतिथियों का स्वागत किया।

कुलाधिपति सुखदेव महतो ने पूर्व छात्रों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पूर्व छात्रों से कॉलेज के साथ लगातार जुड़े रहने और संस्थान के विकास में सहयोग करते रहने की अपील की।

प्राचार्या ने पूर्व छात्रों का किया स्वागत

कॉलेज की प्राचार्या डॉ. मौसुमी महतो ने एलुमनी का स्वागत करते हुए कहा कि पूर्व छात्र किसी भी शैक्षणिक संस्थान की महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। उन्होंने संस्थान के विकास में पूर्व छात्रों से अपने अनुभव और सहयोग साझा करने की बात कही।

कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के कुछ पूर्व प्रशिक्षणार्थियों ने अपने कॉलेज जीवन और प्रशिक्षण से जुड़े अनुभव भी साझा किए। उन्होंने संस्थान से जुड़ी अपनी यादों और वर्तमान जीवन में प्रशिक्षण के अनुभवों को सभी के साथ साझा किया।

एलुमनी सेल ने किया कार्यक्रम का समन्वय

कार्यक्रम का समन्वय एलुमनी सेल की प्रभारी सहायक प्राध्यापक चंचला कुमारी महतो ने किया। मंच संचालन बीएड की छात्रा प्रिया ठाकुर और छात्र अमित कुमार राणा ने किया।

कार्यक्रम के अंत में सामूहिक फोटोग्राफ के साथ एलुमनाई मीट का समापन हुआ। धन्यवाद ज्ञापन श्रीनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन की सहायक प्राध्यापक रेखा कुमारी गोप ने किया।

Exit mobile version