
Devghar. देवघर जिले में कथित तौर पर एक स्कूल बस ने एक दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी, जिससे 37 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई. पुलिस ने बताया कि हादसे में मारे गए बाइक पर सवार व्यक्ति का बेटा भी घायल हो गया जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उसने बताया कि व्यक्ति अपने बच्चे को स्कूल छोड़ने जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ.
उसने बताया कि बस में सवार विद्यार्थी इस हादसे में बाल-बाल बच गए. पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) लक्षण प्रसाद ने बताया कि बोमपास कस्बे में बस ने दोपहिया वाहन को पीछे से टक्कर मार दी. दुर्घटना के बाद गुस्साए लोगों ने बस में तोड़फोड़ की. उन्होंने बस की हालत पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि बस चालक के पास लाइसेंस नहीं था. डीएसपी ने कहा कि आरोपों की पुष्टि की जाएगी और चालक से पूछताछ की जा रही है.
स्थानीय लोगों में घटना के बाद नाराजगी
स्थानीय लोगों ने हादसे को लापरवाही का नतीजा बताया है. उनका कहना है कि स्कूल प्रशासन नियमों की खुलेआम अनदेखी कर रहा है. नाबालिग चालक को बस सौंपना बच्चों की जान के साथ खिलवाड़ है. लोगों ने शहर के सभी निजी स्कूलों की बसों की जांच की मांग की है. उन्होंने स्कूल बसों की फिटनेस, चालकों के लाइसेंस और अन्य दस्तावेजों की भी जांच कराने की मांग की है.
पुलिस ने दर्ज किया मामला, बस जब्त
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. बस को जब्त कर लिया गया है. चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि बस किस एजेंसी की थी और स्कूल प्रबंधन की उसमें क्या भूमिका है.
