
Jamshedpur. पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र अंतर्गत हाता के समीप स्थित जुड़ी रेलवे फाटक पर मंगलवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बतायी जा रही है।
दरअसल, झाड़ग्राम से एक ही परिवार के लोग शादी समारोह में शामिल होने के लिए रायरंगपुर जा रहे थे। सभी लोग सफेद रंग की कार में सवार थे।
इसी दौरान कार की रफ्तार काफी तेज होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित कार रेलवे फाटक के बम्पर से टकराते हुए आगे बढ़ गई और सामने चल रहे टाटा मैजिक यात्री वाहन तथा दो बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और सभी घायलों को पोटका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल एक महिला समेत तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि घायलों में तीन की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। हादसा इतना भयावह था कि रेलवे फाटक के पास सभी वाहन आपस में टकराकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। कुछ समय के लिए घटनास्थल पर मौजूद लोग स्तब्ध रह गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और घायलों का इलाज जारी है।
