
Dumka : दुमका जिले के हंसडीहा शीतला मंदिर रोड स्थित एक ज्वेलर्स दुकानदार के घर में बीती देर रात अपराधियों ने लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया. घटना रात करीब 1 बजे की है, जब हथियारों से लैस करीब 9 अपराधी संजीत कुमार नामक ज्वेलर्स के घर में घुसे और परिवार के सभी सदस्यों को बंधक बनाकर लूटपाट की.
ज्वेलर्स दुकानदार संजीत कुमार ने बताया कि अपराधी उनके घर से करीब सात लाख रुपये के जेवरात और नकदी लूट कर फरार हो गए. अपराधियों ने लूट के दौरान उनके साथ मारपीट भी की. घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी गोड्डा रोड की ओर पैदल भाग निकले. सभी ने मास्क पहन रखा था, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी.
पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बुलाया गया, और जांच शुरू कर दी गई है.
गौरतलब है कि संजीत कुमार की ज्वेलरी की दुकान हंसडीहा की हटिया गली में संतोषी ज्वेलर्स के नाम से है. दुकान की छत खपरैल की होने के कारण वह हर रात सारे जेवरात घर ले जाकर रखते थे. पुलिस का मानना है कि अपराधियों को इस बात की जानकारी पहले से थी और उन्होंने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया.
