Site icon Lahar Chakra

Rourkela: विवाह प्रस्ताव ठुकराए जाने पर व्यक्ति ने लड़की के कमरे में पेट्रोल छिड़ककर लगा दी आग, गंभीर

Rourkela. सुंदरगढ़ जिले में विवाह प्रस्ताव ठुकराए जाने से नाराज एक व्यक्ति ने महिला के कमरे में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जिससे महिला बुरी तरह झुलुस गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।  यह घटना शुक्रवार देर रात करीब एक बजे राउरकेला के बिसरा थाना क्षेत्र के संतोषपुर गांव में हुई।

पुलिस के अनुसार, महिला के एक परिजन ने आरोपी को पाइप के जरिए कमरे में पेट्रोल छिड़कते और माचिस जलाते हुए देख लिया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने खिड़की के रास्ते पाइप से कमरे के अंदर पेट्रोल छिड़का और फिर उसमें आग लगा दी। इस घटना में 28 वर्षीय महिला गंभीर रूप से झुलस गई। परिजनों ने महिला को राउरकेला के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर बताई है।

पीड़िता के पिता जेना टोप्पो ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी के कमरे में पाइप के जरिए पेट्रोल डालकर आग लगाई गई। उन्होंने दावा किया कि इस घटना के लिए रजत किरो जिम्मेदार है। टोप्पो ने कहा कि उनकी छोटी बहू ने उस समय रजत किरो को उस खिड़की के पास देखा था, जब उनकी बेटी सो रही थी। उनका आरोप है कि एक एजेंसी में काम करने वाली उनकी बेटी ने आरोपी के विवाह प्रस्ताव को ठुकरा दिया था, जिसके चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने यह भी दावा किया कि आरोपी पहले भी उनकी बेटी को कई बार परेशान कर चुका था। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

Exit mobile version