Ranchi. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन का बुधवार रात करीब आठ बजे निधन हो गया। वह लंबे समय से अस्वस्थ थीं और रांची के बरियातू स्थित हिल व्यू अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें चिकित्सकों की विशेष निगरानी में रखा गया था। उनके निधन की खबर से झामुमो परिवार और समर्थकों में शोक की लहर है।
उन्हें सांस लेने में परेशानी के बाद 18 सितंबर को हिल व्यू हास्पिटल में भर्ती कराया गया था। बुधवार को रूपी सोरेन की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। उनका हार्ट रेट अनियंत्रित होने और लगातार गिरावट के बाद चिकित्सकों ने आपात बैठक कर आगे के उपचार पर चर्चा की थी। स्थिति को देखते हुए न्यूरो मेडिसिन विशेषज्ञ डा. उज्ज्वल राय समेत अन्य चिकित्सकों को अस्पताल बुलाया गया। कार्डियोलॉजिस्ट डा. दीपक गुप्ता भी शाम करीब छह बजे अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों ने हार्ट रेट नियंत्रित करने के लिए टेंपरेरी पेसमेकर लगाने का निर्णय लिया था।
