
Rajnagar. सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक सड़क हादसे में हेलमेट ने युवक की जान बचा ली। हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग पर छोटानागपुर कॉलेज, हेंसल के पास सुबह करीब 6:30 बजे तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और बाइक सवार युवक उछलकर सड़क पर गिर पड़ा. हादसे के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आसपास से गुजर रहे वाहन चालकों और स्थानीय लोगों ने तुरंत रुककर स्थिति संभाली.
हादसे में युवक के पैर और सिर में चोटें आईं, लेकिन उसने जो हेलमेट पहना था, वही उसकी जिंदगी का सबसे बड़ा सहारा बन गया. टक्कर के दौरान हेलमेट टूट गया, जिससे साफ है कि सिर पर कितनी तेज चोट लग सकती थी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि युवक ने हेलमेट नहीं पहना होता, तो सिर में गंभीर चोट या जान जाने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था. सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से टकराने के कारण बाइक के आगे का हिस्सा बुरी तरह चकनाचूर हो गया.
