
Saraikela.सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना अंतर्गत हुदु पंचायत अंतर्गत पालोबेड़ा ग्राम में रविवार तड़के 4:45 बजे दर्दनाक हादसा सामने आया. गिट्टी लदा अनियंत्रित हाइवा अचानक गांव के बिरबल मुर्मू के घर पर पलट गया. हादसे के समय परिवार घर के अंदर सो रहा था, जिसके दबने से बिरबल मुर्मू और उनकी दो वर्षीय पुत्री की मौके पर ही मौत हो गई.
हादसा इतना भीषण था कि हाईवा पलटकर सड़क किनारे घर पर जा गिरा. हादसे में बीरबल मुर्मू की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे कांड्रा थाना की पुलिस द्वारा तुरंत अस्पताल भेजा गया. घटना की जानकारी मिलते ही कांड्रा थाना प्रभारी विनोद कुमार मुर्मू दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए. इस दर्दनाक हादसे को लेकर गांव में भारी रोष है.
ग्रामीणों में आक्रोश, निर्माण कंपनी पर लापरवाही का आरोप
ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कंपनी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उचित मुआवजे की मांग की है. घटना की जानकारी मिलते ही कांड्रा पंचायत की मुखिया सुगी मुरमू भी घटना स्थल पर पहुंची और परिवार वालो को मदद का आश्वासन दिया है.
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही कांड्रा थाना प्रभारी विनोद मुर्मू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने आक्रोशित भीड़ को कानूनी कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया. थाना प्रभारी ने बताया कि हाइवा चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश जारी है. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.