Site icon Lahar Chakra

Saraikela Accident: चांडिल में NH-33 पर सड़क हादसा, तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, मानगो में शादी समारोह के बाद लौट रहा था रांची

Saraikela. सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में एनएच-33 पर शनिवार रात एक भीषण सड़क हादसे में रांची के एक व्यक्ति की मौत हो गई. यह हादसा घोड़लीली के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी. मृतक की पहचान रांची के नामकुम स्थित श्रीनगर कॉलोनी निवासी 38 वर्षीय पुनीत कांगड़ के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार पुनीत जमशेदपुर के मानगो जवाहरनगर रोड नंबर-6 में अपने रिश्तेदार के घर आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आए थे.

वे परिजनों के साथ कार से जमशेदपुर पहुंचे थे, लेकिन कार्यक्रम के बाद शनिवार रात अपनी बाइक से अकेले रांची लौट रहे थे. इसी दौरान एनएच-33 पर घोड़लीली के पास एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुनीत सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना देख आसपास के लोगों ने तुरंत चांडिल थाना पुलिस को सूचना दी और मदद की कोशिश की.

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस की सहायता से घायल पुनीत को तत्काल एमजीएम अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है.

Exit mobile version