
SaraiKela. सरायकेला-खरसावां मार्ग पर विराम चंद्रपुर गांव के समीप एक स्कॉर्पियो ने घर के बाहर टहल रहे राजाराम पाड़ेया (22) एवं दिउगी तियू (60) को ठोकर मार दी.घटना के बाद गुस्से में आकर ग्रामीणों ने स्कॉर्पियो को अपने कब्जे में लेकर चालक बहादुर महतो (58) की जमकर पिटाई कर दी और स्कॉर्पियो में बैठे लोगों को बंधक बना लिया.घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची सरायकेला थाना की पुलिस ने घायल दोनो ग्रामीण एवं चालक को सदर अस्पताल भिजवाया और ग्रामीणों को समझा बुझा कर बंधक बने सभी लोगों को छुड़वाया. ग्रामीणों की मारपीट से घायल स्कॉर्पियो चालक को प्राथमिक उपचार के बाद एमजीएम रेफर कर दिया वहीं बाकी के घायल दोनो ग्रामीणों का उपचार सदर अस्पताल में चल रहा है.
घटना सोमवार की रात करीब 9 बजे की है. घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो चालक बहादुर महतो खरसावां के देहरुडीह का रहने वाला है. सोमवार को वह सरायकेला से खरसावां जा रहा था. उसमे कुछ लोग भी सवार थे. विरामचंद्रपुर गांव के ग्रामीण राजाराम पाड़ेया और दिउगी तियू अपने घर के बाहर टहल रहे थे. इसी दौरान खरसावां की ओर जा रहे स्कॉर्पियो ने उक्त दोनों ग्रामीणों को ठोकर मार दी. घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने स्कॉर्पियो को रोक लिया और उसके चालक की पिटाई कर दी और गाड़ी के अंदर बैठे लोगों को बंधक बना लिया था.
