Site icon Lahar Chakra

Saraikela: कांड्रा के डुमरा में नीम के पेड़ से लटका हुआ मिला युवक का शव, घुटने मुड़े हुए और जमीन से सटा था पैर, हत्या की जतायी जा रही आशंका

Saraikela.सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र स्थित डुमरा गांव में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक का शव नीम के पेड़ से लटका हुआ मिला. मृतक की पहचान गांव निवासी सनातन मंडल के 25 वर्षीय पुत्र भुवनेश्वर मंडल के रूप में हुई है. भुवनेश्वर हाल तक गुजरात में काम करता था और करीब 15 दिन पहले ही गांव लौटा था.

सुबह-सुबह जब ग्रामीण खेत की ओर निकले तो उन्होंने एक नीम के पेड़ से शव को लटका देखा. ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना कांड्रा पुलिस को दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को ग्रामीणों की मदद से नीचे उतारा और मामले की जांच शुरू की. परिजनों ने बताया कि भुवनेश्वर सोमवार रात करीब 9 बजे घर से निकला था और फिर वापस नहीं लौटा. सुबह उसका शव पेड़ से लटका मिला.

स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक के दोनों पैर घुटनों से मुड़े हुए थे और जमीन से सटे हुए थे. ऐसे में हत्या कर शव को फांसी के रूप में दिखाने की आशंका भी जताई जा रही है.

Exit mobile version