Lahar Chakra

SARAIKELA-KHARSAWAN NEWS: जिले में 941 परिवारों को मिला अपना पक्का घर, गृह प्रवेश सप्ताह के तहत कराया जा रहा प्रवेश

प्रधानमंत्री आवास, अबुआ आवास समेत चार योजनाओं के लाभुकों के घरों में खुशियों का उत्सव; 15 से 21 नवंबर तक चलेंगी विशेष गतिविधियां

सरायकेला-खरसावां, 17 नवंबर। झारखंड स्थापना दिवस और राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर सरायकेला-खरसावां जिले में आवास योजना के लाभुकों के लिए गृह प्रवेश सप्ताह मनाया जा रहा है। 15 से 21 नवंबर तक चलने वाले इस विशेष अभियान के तहत मंगलवार को जिले के विभिन्न प्रखंडों की ग्राम पंचायतों में नवनिर्मित आवासों में लाभुक परिवारों का गृह प्रवेश कराया गया।

चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिले में चार आवास योजनाओं के तहत कुल 941 आवास पूर्ण किए गए हैं। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 483, अबुआ आवास योजना के 416, पीएम-जनमन (PM-JANMAN) के 25 और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के 17 आवास शामिल हैं।

लाभुक परिवारों को पौधा और बधाई प्रमाण-पत्र

गृह प्रवेश सप्ताह के दौरान विभिन्न ग्राम पंचायतों में सामूहिक गृह प्रवेश उत्सव आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और स्थानीय पदाधिकारियों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। प्रत्येक लाभुक परिवार को पौधा और उनके नाम से व्यक्तिगत बधाई प्रमाण-पत्र देने की व्यवस्था की गई है।

महिलाओं को मिलेगा आवास स्वाभिमान सम्मान

आवास निर्माण और उसे पूरा कराने में सक्रिय भूमिका निभाने वाली महिला लाभुकों को प्रोत्साहित करने के लिए ‘आवास स्वाभिमान सम्मान समारोह’ आयोजित किया जा रहा है। इसके साथ ही ‘हर आवास, एक पेड़’ अभियान के तहत लाभुकों को अपने घर के आसपास फलदार या छायादार पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

अभियान के दौरान वर्षा जल संचयन, स्वच्छता और पोषण वाटिका के महत्व को लेकर भी जागरूकता बढ़ाई जा रही है।

अन्य सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर जोर

प्रशासन की ओर से गृह प्रवेश सप्ताह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले राजमिस्त्रियों, पंचायत सचिवों और आवास योजना से जुड़े कर्मियों को सम्मानित करने की भी तैयारी है। साथ ही पात्र लाभुकों को स्वच्छता, पेयजल, मुफ्त बिजली कनेक्शन और आजीविका से जुड़ी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया जा रहा है।

उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि जिन पूर्ण आवासों में अब तक गृह प्रवेश नहीं हुआ है, उनमें 21 नवंबर तक अनिवार्य रूप से गृह प्रवेश सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने पात्र लाभुकों को आवास योजना के साथ अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है।

Exit mobile version