Site icon Lahar Chakra

Saraikela: चांडिल में मां ने चार वर्षीय बेटी की गला घोंटकर की हत्या, अपहरण की कहानी बनायी, अब पिता की शिकायत पर आरोपी गिरफ्तार

Saraikela. झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में एक महिला ने अपनी चार साल की बेटी की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। चांडिल थाने के प्रभारी डिल्सन बिरुआ ने बताया कि लड़की के पिता की शिकायत के बाद महिला को गिरफ्तार करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि महिला ने अपनी बेटी की कथित रूप से हत्या करने के बाद जांचकर्ताओं को गुमराह करने के लिए उसके अपहरण की कहानी बनाई। बिरुआ ने बताया कि कथित अपहरण की खबर से इलाके में तनाव फैल गया, जिसके बाद पुलिस ने तलाश अभियान शुरू किया।

थाना प्रभारी ने कहा कि जांच के दौरान अधिकारियों को मां के बयान पर शक हुआ, जिसके बाद बच्ची का शव घर के पीछे से बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, शव मिलने के बाद महिला वहां से फरार हो गई थी, लेकिन बाद में उसे ढूंढकर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और हत्या के कारण का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

जब महिला की मानसिक स्थिति के बारे में पूछा गया, तो पुलिस ने कहा कि ऐसे कोई संकेत नहीं मिले, जिससे पता चल सके कि वह मानसिक रूप से परेशान थी।

Exit mobile version