Site icon Lahar Chakra

Saraikela-Kharsawa News :समाहरणालय का औचक निरीक्षण,उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कार्यालयीन व्यवस्थाओं में सुधार के दिए सख्त निर्देश

सरायकेला-खऱसावा।

जिले के उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने आज समाहरणालय भवन स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका (आम) निर्वाचन–2026 से संबंधित गठित कोषांगों के कार्यों के साथ-साथ नियमित कार्यालयीय कार्यों की भी गहन समीक्षा की गई।

स्वच्छता और कार्यालयीन अनुशासन पर विशेष जोर

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने कार्यालयों में साफ-सफाई, पंजियों व अभिलेखों के संधारण, प्रकाश एवं पंखों की व्यवस्था, खिड़कियों-पर्दों की स्थिति सहित समग्र कार्यालयीन व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने सभी कार्यालयों में नियमित सफाई, अनावश्यक कचरे के समुचित निष्पादन, डस्टबिन की उपलब्धता, टूटी खिड़कियों की मरम्मति और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सांस्कृतिक सौंदर्यीकरण के निर्देश

समाहरणालय भवन को अधिक आकर्षक और सांस्कृतिक दृष्टि से समृद्ध बनाने के उद्देश्य से स्थानीय छऊ कला पर आधारित पेंटिंग कराने का निर्देश दिया गया, ताकि भवन की पहचान स्थानीय कला-संस्कृति से और सशक्त हो।

सभागार, शौचालय और छत का निरीक्षण

उपायुक्त ने समाहरणालय सभागार, परिसर स्थित शौचालयों और भवन की छत का भी निरीक्षण किया। सभी स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने, आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण करने और भवन की संरचनात्मक स्थिति पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

सुरक्षा और आधारभूत सुविधाएँ

सुरक्षा के दृष्टिकोण से सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पंखों की सुचारू कार्यशीलता तथा कर्मियों व आगंतुकों की सुविधा के अनुरूप आधारभूत सुविधाएँ सुनिश्चित करने को कहा गया।

इन कार्यालयों का किया गया निरीक्षण

औचक निरीक्षण में सामान्य शाखा, विधि शाखा, निर्वाचन शाखा, स्थापना शाखा, भू-अर्जन कार्यालय, जिला कल्याण शाखा, जिला समाज कल्याण शाखा, अभिलेखागार (रिकॉर्ड रूम), कोषागार, सामाजिक सुरक्षा कोषांग, जिला योजना शाखा, शिक्षा विभाग, सांख्यिकी विभाग, परिवहन विभाग, पंचायती राज विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, निबंधन कार्यालय, विशेष प्रमंडल, नजरात एवं आपूर्ति शाखा, जल छाजन सहित अन्य संबंधित कार्यालय शामिल रहे।

निर्वाचन कार्यों में समयबद्धता और जवाबदेही

उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को कार्यालयीन अनुशासन, स्वच्छता, निर्वाचन से जुड़े दायित्वों के समयबद्ध निर्वहन, तथा नियमित कार्यों में गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान रीना हांसदा (उप विकास आयुक्त), सुरेंद्र उरांव (उप निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पंचायती राज पदाधिकारी) और अविनाश कुमार (जिला जनसंपर्क पदाधिकारी) उपस्थित रहे।

Exit mobile version