
Saraikela. ईचागढ़ थाना क्षेत्र में जेएलकेएम केंद्रीय उपाध्यक्ष और ईचागढ़ विस से पार्टी उम्मीदवार रहे तरुण महतो से कथित मारपीट मामले की जांच करने के लिए कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा मंगलवार को चांडिल एसडीपीओ कार्यालय पहुंचे. वे करीब तीन घंटे तक रह कर मामले से जुड़े थाना प्रभारियों से पूछताछ की और घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ली. इस दौरान एसपी मुकेश कुमार लुणायात भी मौजूद रहे. डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा ने बताया कि तरुण महतो की पत्नी भानुमति महतो की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है.
हालांकि, पूछताछ के लिए बुलाए जाने के बावजूद भानुमति महतो उपस्थित नहीं हो सकीं। जिससे उनका बयान दर्ज नहीं हो पाया. दरअसल, झारखंड हाईकोर्ट के आदेश पर एसपी मुकेश लुणायत सोमवार को कोर्ट में उपस्थित हुए. उन्होंने बताया कि ईचागढ़ थाना में सीसीटीवी उपलब्ध नहीं होने के कारण फुटेज प्रस्तुत नहीं किये जा सके. एसपी ने कोर्ट को अवगत कराया कि घटना में नामित पुलिस इंस्पेक्टर विक्रमादित्य पांडे को निलंबित किया जा चुका है, जो जिला पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक मजबूत कदम है.
कोर्ट ने आदेश सुरक्षित रखते हुए राज्य के डीजीपी से मानवाधिकार का कठोर पालन सुनिश्चित करने को कहा. पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट डीआइजी जल्द हाइकोर्ट में दाखिल करेंगे. डीआईजी ने कहा कि जांच प्रक्रिया जारी है और सभी पहलुओं की बारीकी से समीक्षा की जा रही है.
