
Chandil. सरायकेला-खरसावां जिले में 35 वर्षीय एक व्यक्ति की बुधवार शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई. एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी. अधिकारी ने बताया कि विजय तिर्की चांडिल थाना क्षेत्र के चिलगु में मुर्गों की लड़ाई देखने गया था, तभी वहां पहले से इंतजार कर रहे हथियारबंद लोगों ने उस पर गोलीबारी शुरू कर दी. अधिकारी के मुताबिक, विजय आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त था. उन्होंने बताया कि हमलावरों ने विजय को कई गोली मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
अधिकारी के अनुसार, विजय की व्यक्तिगत दुश्मनी या गैंगवार के कारण हत्या किए जाने की आशंका है. विजय तिर्की जमशेदपुर आजादनगर का रहने वाला था. वह दोस्तों के साथ मुर्गा लड़ाई को देखने गया था. वह मुर्गापाड़ा से कुछ दूरी पर था, तभी घात लगाये अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी.
गोलीबारी के बाद मुर्गापाड़ा में अफरातफरी का माहौल बन गया, इसी बात का फायदा उठाते हुए हमलावर फरार हो गये. पुलिस ने शव को सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारी ने कहा, ‘हमने कुछ संदिग्धों की पहचान कर ली है. उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है.’’
