Site icon Lahar Chakra

Saraikela: कोल्हान में चोरी की कई घटनाओं का पुलिस ने किया उद्भेदन, ‘कालू सरदार गैंग’ का भंडाफोड़, तीन किशोर समेत पांच आरोपी पकड़ाये

Saraikela.सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक संगठित चोर गिरोह “कालू सरदार गैंग” का उद्भेदन करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन विधि विरुद्ध किशोरों को निरुद्ध किया गया है।

जानकारी के अनुसार, राजनगर के बांकसाई स्थित मोबाइल रिपेयरिंग दुकान एवं मेडिकल दुकान से नगद रुपये, मोबाइल, ब्लूटूथ, हेडफोन आदि की चोरी की घटना दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सरायकेला-खरसावाँ के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सरायकेला के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान एवं छापामारी दल का गठन किया गया।

अनुसंधान के क्रम में तकनीकी साक्ष्यों एवं ठोस तथ्यों के आधार पर पुलिस ने सुजित कुमार शर्मा उर्फ पुरी उर्फ कालू सरदार (34) एवं सागर मुंडा (23) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे “कालू सरदार गैंग” के नाम से गिरोह बनाकर पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावाँ, पश्चिम सिंहभूम एवं पड़ोसी राज्य ओडिशा के मयूरभंज जिले में ताला तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर इस कांड सहित अन्य कई मामलों में चोरी किए गए सामान बरामद किए हैं। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।

बरामद सामान
चोरी के दो मोबाइल फोन
नगद 3000 रुपये
चांदी के दो पायल
ताला काटने का लोहे का कटर
मोटरसाइकिल (JH05DV-5205) सहित अन्य औजार

Exit mobile version