Site icon Lahar Chakra

Saraikela Road Accident: चांडिल में जयदा मंदिर के समीप तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलटी, बाल-बाल बचे दो युवक, नशे में थे दोनों

Chandil.चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत जयदा मंदिर के समीप रविवार शाम करीब चार बजे एक तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होकर पलट जाने से इलाके में हड़कंप मच गया. यह हादसा मुख्य सड़क पर हुआ, जहां मैरून रंग की हुंडई वेन्यू कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और सड़क पर पलट गई. कार में दो युवक सवार थे, जो गनीमत रही कि इस दुर्घटना में सुरक्षित बच गए.

स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार काफी तेज रफ्तार में थी. जयदा मंदिर के पास सड़क पर मोड़ के दौरान चालक वाहन को संभाल नहीं सका, जिससे कार पलट गई. हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और तुरंत चांडिल थाना पुलिस को इसकी सूचना दी. घटना के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने संभाल लिया.

सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की. पुलिस ने कार को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया. प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि कार में सवार दोनों युवक नशे की हालत में थे. पुलिस ने दोनों युवकों से पूछताछ की और उनके बयान दर्ज किए.

Exit mobile version