
Saraikela. नीमडीह थाना क्षेत्र के झिमड़ी गांव में युवती के अपहरण मामले में पुलिस ने आरोपित तस्लीम अंसारी और अपहृत युवती को जमशेदपुर के आजाद नगर थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया है. वहीं, आगजनी और उपद्रव के आरोप में 12 लोगों को हिरासत में लिया गया है. पूरे गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है और हालात पर निगरानी रखी जा रही है. दरअसल, युवती के अपहरण के बाद शनिवार देर रात आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपित मोहम्मद तस्लीम अंसारी के घर और झिमड़ी बाजार की चार दुकानों में आग लगा दी थी.
पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज और हवाई फायरिंग की थी. घटना की गंभीरता को देखते हुए सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त रविशंकर शुक्ला और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूणायत शनिवार देर रात दल-बल के साथ झिमड़ी गांव पहुंचे. अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और फ्लैग मार्च कर शांति बनाए रखने की अपील की. साथ ही गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है.
प्रशासन की हालात पर पैनी नजर
प्रशासन हालात पर पैनी नजर बनाए हुए है और लगातार गश्त कर रहा है. अधिकारियों ने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है. हालांकि, अब स्थिति नियंत्रण में है. दंडाधिकारी व पुलिस बल तैनात हैं. हर आने-जाने वाले पर कड़ी नजर रखी जा रही है. लोगों का नाम-पता रजिस्टर में अंकित किया जा रहा है. प्रशासन की ओर से क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखने का भी प्रयास चल रहा है. गांव के चौक-चौराहे पर लगने वाली दुकानें रविवार को बंद रहीं. इससे आसपास के लोगों को परेशानी हुई. घटना के बाद दोनों पक्षों ने थाना में लिखित शिकायत की है. नीमडीह थाना में दर्ज मामले में धारा 137(2)/87/351(3)/3(5) बीएनएस 2023 के तहत गिरफ्तारी की गयी है.
