Site icon Lahar Chakra

Saraikela: मुहर्रम पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कपाली ओपी पुलिस ने जुलूस मार्ग का किया निरीक्षण

Saraikela. सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली क्षेत्र में आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को कपाली ओपी पुलिस ने जुलूस मार्ग का निरीक्षण किया। ओपी प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पूरे जुलूस रूट का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था और मार्ग की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस ने संवेदनशील स्थानों, संकरी गलियों, बिजली के तारों तथा सड़क की स्थिति की समीक्षा की। इस मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधि और शांति समिति के सदस्य भी मौजूद रहे। ओपी प्रभारी ने बताया कि मुहर्रम जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। मार्ग में जहां भी छोटी-मोटी समस्याएं मिलीं, उन्हें समय रहते दूर करने के लिए संबंधित विभागों को सूचित किया जाएगा। साथ ही पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी विशेष तैयारी की जा रही है।

पुलिस प्रशासन ने लोगों से आपसी भाईचारे और शांति के साथ पर्व मनाने की अपील की है। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाहों और भ्रामक सामग्री से बचने तथा किसी भी संदिग्ध सूचना की तत्काल पुलिस को जानकारी देने का अनुरोध किया गया है।

Exit mobile version