Chandil.महात्मा गांधी की जयंती पर शनिवार को चांडिल नौका विहार परिसर में चांडिल डैम विस्थापितों की भूमि और पुनर्वास समस्याओं के शांतिपूर्ण समाधान के लिए एक दिवसीय उपवास रखा गया. यह उपवास विस्थापित मुक्ति वाहिनी और विस्थापित अधिकार मंच फाउंडेशन के संयुक्त आयोजन में हुआ. उपवास के जरिए गांधी जी के सत्य, अहिंसा और शांति के मार्ग पर चलते हुए समस्याओं का न्यायपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया. संगठनों ने बताया कि पिछले चार दिनों से रूदिया पंचायत के काटिया पुनर्वास स्थल पर विस्थापित परिवारों को तालाब में स्नान, रास्ते से आने-जाने, खुले मैदान में शौच और पशु चराने से रोके जाने की शिकायत है. उनके प्लॉट के पेड़ भी काटे जाने की बात सामने आई है.

इस पर चांडिल अनुमंडल पदाधिकारी, थाना और पुलिस पदाधिकारी को आवेदन देकर तत्काल स्थल निरीक्षण, जांच और अधिकारों की सुरक्षा की मांग की गई है. यदि 6 अक्टूबर तक समाधान नहीं होता, तो 7 अक्टूबर को पुनर्वास कार्यालय के समक्ष शांतिपूर्ण धरना दिया जाएगा. संगठनों ने कहा कि वे अहिंसक और लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष कर रहे हैं. प्रशासन से संवाद और स्थायी समाधान की अपेक्षा है. उपवास में नारायण गोप, राकेश रंजन महतो, अंबिका यादव सहित कई विस्थापित और स्थानीय लोग मौजूद रहे.


