
Kiriburu. पश्चिमी सिंहभूम के सारंडा क्षेत्र अंतर्गत लेम्ब्रे गांव में बिजली के पोल से फैली करंट की चपेट में आकर 12 भेड़ों की मौत का मामला रविवार को प्रकाश में आया है. यह हादसा बिजली विभाग की लापरवाही के कारण हुआ, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. गंगदा पंचायत के लेम्ब्रे गांव में गुरुवार देर रात जब बिजली आपूर्ति शुरू हुई, तो खंभे पर लगे इंसुलेटर के टूटने से करंट जमीन में फैल गयी. तेज़ आंधी और बारिश के कारण जमीन भीगी हुई थी, जिससे करंट ने पास में बैठी दर्जनों भेड़ों को अपनी चपेट में ले लिया. देखते ही देखते 12 भेड़ों की मौके पर ही झुलसकर मौत हो गयी.
ग्रामीणों का कहना है कि वे पहले भी कई बार जर्जर खंभों और तारों की शिकायत कर चुके हैं, लेकिन विभाग ने कभी संज्ञान नहीं लिया. अब वे मुआवजे और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो गांववाले आंदोलन करेंगे.
