


Ranchi. जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने सोमवार को झारखंड विधानसभा में तारांकित प्रश्न के माध्यम से जमशेदपुर में चोरी, छिनतई, गोली कांड और गृहभेदन के कांडों की बढ़ती घटनाओं पर सरकार से जवाब मांगा. उन्होंने सरकार से यह भी कहा कि शहरों में पुलिस बल का बड़ा हिस्सा दोपहिया वाहनों की चेकिंग में लगा दिया गय़ा है. कई बार तो एक ही वाहन की चेकिंग दो-दो बार की जा रही है. यदि इस पुलिस बल को अपराध नियंत्रण में लगाया जाय तो बेहतर होगा. क्या सरकार ऐसा करना चाहती है.
श्री राय ने सोमवार को विधानसभा में विशेष सूचना के माध्यम से जमशेदपुर के अस्पतालों में आयुष्मान योजना के तहत डायलिसिस के मरीजों के कठिनाईयों की ओर सरकार का ध्यान आकृष्ट किया. राय ने कहा कि पहले एक बार में डायलिसिस करने वाले मरीजों को 12 बार डायलिसिस कराने का रजिस्ट्रेशन हो जाता था, परन्तु अब प्रत्येक डायलिसिस के समय उन्हें डायलिसिस केन्द्र में जाकर रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदन करना पड़ता है.
रजिस्ट्रेशन कंफर्म होने में 8 से 10 घंटा तक का समय लग जाता है. रजिस्ट्रेशन होने के बाद 3-4 घंटा डायलिसिस में लग जाता है. इससे मरीजों को भारी परेशानी होती है. विडम्बना है कि रजिस्ट्रेशन होने की प्रक्रिया में अस्पताल मरीजों से डायलिसिस का पूरा भुगतान ले लेती हैं, परंतु मरीजों का रजिस्ट्रेशन हो जाने के बाद वे इस राशि को वापस नहीं करते हैं. मरीजों को दोहरा घाटा हो रहा है.



