Site icon Lahar Chakra

SBI Scholarship: 25,707 छात्रों को मिलेगी 15 लाख तक की छात्रवृत्ति, एसबीआई फाउंडेशन ने ‘प्लैटिनम जुबली आशा स्कॉलरशिप-2026’ शुरू की, आवेदन चार सितंबर तक किए जा सकेंगे

New Delhi. भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) इकाई एसबीआई फाउंडेशन ने ‘एसबीआई प्लैटिनम जुबली आशा स्कॉलरशिप-2026’ शुरू करने की घोषणा की है। एक बयान के अनुसार, यह छात्रवृत्ति कार्यक्रम 2022 में एसबीआई की ‘प्लैटिनम जुबली’ के अवसर पर शुरू किया गया था। वर्ष 2026 संस्करण के तहत देशभर के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 25,707 मेधावी छात्रों को छात्रवृत्ति दी जाएगी। कार्यक्रम के तहत पात्रता के अनुसार 15,000 रुपये से 15 लाख रुपये तक की वार्षिक वित्तीय सहायता मिलेगी। चयनित पाठ्यक्रम की अवधि तक निर्धारित नवीनीकरण शर्तें पूरी करने पर सहायता जारी रहेगी।

यह छात्रवृत्ति कक्षा नौवीं से बारहवीं के विद्यार्थियों, एनआईआरएफ की शीर्ष 300 या एनएएसी ‘ए’ ग्रेड संस्थानों के स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों, एमबीबीएस छात्रों, आईआईटी और आईआईएम के विद्यार्थियों तथा क्यूएस विश्व विश्वविद्यालय रैंकिंग के शीर्ष 200 संस्थानों में विदेश में मास्टर डिग्री कर रहे छात्रों के लिए उपलब्ध होगी।

एसबीआई के चेयरमैन सी एस शेट्टी ने कहा कि यह पहल आर्थिक स्थिति को देखे बिना मेधावी छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराने और ‘विकसित भारत-2047’ के लक्ष्य में योगदान देने के उद्देश्य से शुरू की गई है।इसके लिए आवेदन चार सितंबर, 2026 तक किए जा सकेंगे।

Exit mobile version