
Ranchi. रांची की पुलिस लाइन में ईद और रामनवमी की सुरक्षा को लेकर पुलिस की तरफ से मॉक ड्रिल किया जा रहा था. इस दौरान टीयर गैस छोड़े गये थे. जहां यह मॉक ड्रिल किया जा रहा था वहां स्कूल है. मॉक ड्रिल के दौरान छोड़ी गई टीयर गैस के धुएं से स्कूली बच्चों की तबीयत बिगड़ गयी. इस घटना में दो बच्चियों को गंभीर हालत में रांची के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इमरजेंसी वार्ड में इलाज जारी है. जानकारी के अनुसार, पुलिस लाइन में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया था.
अभ्यास के दौरान छोड़ी गई टीयर गैस का धुआं हवा के रुख के कारण पास स्थित स्कूल में फैल गया. इससे कई बच्चों को सांस लेने में दिक्कत हुई और उनकी तबीयत बिगड़ गई. स्कूल प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रभावित बच्चों को प्राथमिक उपचार दिलाया, लेकिन दो बच्चियों की हालत ज्यादा खराब होने के कारण उन्हें अस्पताल भेजा गया.
घटना की जानकारी मिलते ही रांची विधायक सीपी सिंह अस्पताल पहुंचे और भर्ती बच्चियों का हालचाल जाना. उन्होंने प्रशासन से अपील की कि भविष्य में ऐसी मॉक ड्रिल स्कूल समय के बाद आयोजित की जाए, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके.
अभिभावकों में इस घटना को लेकर नाराजगी देखी गई है. उन्होंने मांग की है कि पुलिस प्रशासन सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए इस तरह के अभ्यास करें, ताकि स्कूली बच्चों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो.