त्यौहार एवं पूजा के दौरान यात्रियों की संरक्षा एवं सुगम यात्रा के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा किये गये हैं व्यापक प्रबंध ,प्रमुख स्टेशनों एवं यात्री गाड़ियों में भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती, 24 घंटे निगरानी एवं त्वरित शिकायत निवारण की व्यवस्था ।
बिलासपुर
त्योहारों एवं पूजा के दौरान यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारु रेल परिचालन सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। इस दौरान सभी प्रमुख स्टेशनों एवं यात्री गाड़ियों में भीड़ प्रबंधन, सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने, यात्री सुविधाओं की उपलब्धता तथा यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष ट्रेनों के संचालन, होल्डिंग एरिया, भीड़ प्रबंधन, खानपान, टिकटिंग, जन-जागरूकता एवं सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था –
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों एवं यात्री गाड़ियों में भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था तथा यात्रियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इस दौरान सभी फ्रंटलाइन कर्मचारी 24 घंटे सतत ड्यूटी पर तैनात रहकर यात्रियों की सहायता एवं व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) एवं वाणिज्य विभाग की संयुक्त टीमें प्रमुख स्टेशनों पर निरंतर निगरानी कर रही हैं।
यात्रियों को ट्रेनों के आगमन, प्रस्थान एवं अन्य आवश्यक जानकारियां समय पर उपलब्ध कराने के लिए सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली (पीए सिस्टम) एवं डिजिटल डिस्प्ले संकेतकों का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। इसके साथ ही आरपीएफ एवं सिविल डिफेंस की टीमें लाउड हेलर एवं सीटी के माध्यम से यात्रियों को लगातार जागरूक करते हुए भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित कर रही हैं।
24 घंटे वार रूम से नियंत्रण
मुख्यालय में डिजिटल वार रूम की स्थापना की गई है जिसमें ट्रेनों के परिचालन एवं स्टेशनों पर भीड़ की स्थिति पर नजर रखने के लिए रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है। इसके साथ ही रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की शिकायतों एवं समस्याओं का त्वरित संज्ञान लेकर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है ।
यात्रियों हेतु विशेष प्रबंध-
सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा एवं बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल एवं साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, स्टेशनों पर किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने एवं यात्रियों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सा दल की तैनाती की गई है।
डिजिटल एवं बेहतर टिकटिंग की सुविधा –
यात्रियों को टिकट संबंधी सुविधाएं सुगमता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रमुख स्टेशनों पर हेल्प डेस्क एवं अतिरिक्त टिकट चेकिंग स्टाफ की तैनाती की गई है। व्यस्त समय में टिकट वितरण व्यवस्था को और अधिक सुचारू बनाने के लिए अतिरिक्त टिकट काउंटर तथा ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन की व्यवस्था की गई है। ऑनलाइन एवं डिजिटल भुगतान हेतु टिकट काउंटर में क्यू आर कोड की सुविधा के साथ ही एम-यूटीएस एवं रेलवन एप के माध्यम से यात्रियों को प्लेटफार्म तथा प्रवेश द्वार के पास अनारक्षित टिकटिंग की सुविधा प्रदान की जा रही है |
त्योहारों के दौरान अतिरिक्त ट्रेनें एवं यात्री सुविधाएं-
दीपावली एवं छठ पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ एवं अतिरिक्त यात्रा मांग को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों को सुविधाजनक यात्रा के उद्देश्य से विभिन्न प्रमुख शहरों के बीच विशेष पूजा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है । जिसमें निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, दुर्ग–बरौनी–दुर्ग , दुर्ग–हजरत निजामुद्दीन–दुर्ग , गोंदिया–पटना–गोंदिया तथा चर्लपल्ली–बरौनी–चर्लपल्ली के बीच पुजा स्पेशल ट्रेने चलाई जा रही है |
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा त्योहारों के दौरान यात्रियों की संरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि यात्रा सुगम एवं सुरक्षित बनी रहे।
